जुनैद खान
लखीमपुर खीरी जिले के पलिया शहर का नाम एक बार फिर गर्व से ऊंचा हुआ है। पलिया की रहने वाली सुमन कनौजिया इस समय मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मस्थान के सुरक्षा विभाग में सीओ क्षेत्राधिकारी के पद पर तैनात हैं और अपनी जिम्मेदारियों का कुशलता से निर्वहन कर रही हैं। सुमन कनौजिया की इस उपलब्धि की जानकारी मिलने पर पलिया के समाजसेवी रवि गुप्ता ने मथुरा पहुंचकर उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने पवित्र श्रीकृष्ण जन्मस्थान की सुरक्षा व्यवस्था में सुमन द्वारा निभाई जा रही महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की और उनके कार्य की जमकर प्रशंसा की। रवि गुप्ता ने उन्हें इस उपलब्धि पर साधुवाद देते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं। रवि गुप्ता ने कहा कि जब अपने शहर और क्षेत्र का कोई व्यक्ति दूर रहकर बड़े पद पर अपनी सेवाएं देता है, तो यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात होती है। सुमन कनौजिया ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है, जिससे आज पूरे पलिया शहर का सिर गर्व से ऊंचा हो गया है। वहीं, सुमन की सफलता की खबर फैलते ही क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोग सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से उन्हें बधाइयां दे रहे हैं और इसे पलिया के लिए एक बड़ी उपलब्धि मान रहे हैं।







