भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की कार्रवाई, स्मैक-चरस के साथ चार तस्कर गिरफ्तार
खुर्शीद आलम 
लखीमपुर खीरी। भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने नशीले पदार्थों की तस्करी के एक प्रयास को विफल करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से स्मैक और चरस बरामद की गई है। सभी आरोपियों को बरामद सामान सहित तिकुनिया पुलिस को सौंप दिया गया। एसएसबी से मिली जानकारी के अनुसार तृतीय वाहिनी बीओपी डांगा के समवाय प्रभारी सहायक कमांडेंट चेतराम नेगी और मुख्य आरक्षी परवीन कुमार सिंह को सूचना मिली थी कि तीन से चार नेपाली युवक नशीला पदार्थ लेकर भारत से नेपाल जाने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पेट्रोलिंग कमांडर निरीक्षक दशरथ के नेतृत्व में टीम को डांगा चौराहे की ओर भेजा गया।
इसी दौरान तिकुनिया की ओर से दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक डांगा चौराहे की तरफ आते दिखाई दिए। एसएसबी टीम ने उन्हें रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 4.520 ग्राम स्मैक और 2.790 ग्राम चरस बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान तीन नेपाली नागरिक और एक भारतीय युवक को हिरासत में लिया गया। उनके कब्जे से पांच स्मार्टफोन, दो नेपाली मोटरसाइकिल, 1905 रुपये नेपाली मुद्रा, 340 रुपये भारतीय मुद्रा और एक घड़ी भी बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें बरामद सामान के साथ तिकुनिया थाना पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने एसएसबी निरीक्षक दशरथ की तहरीर पर आशीष वराल, भुवन सुनार, राजेश सुनार और साहिल सलमानी के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) 1985 की धारा 8, 20 और 21 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसएसबी के अनुसार तृतीय वाहिनी के कमांडेंट के निर्देशन और कार्यवाहक कमांडेंट अजय बहादुर के मार्गदर्शन में सीमा क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही लोगों को नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।








