Home » Uncategorized » बौधिया कलां में बीमारी से मृत गाय को लेकर फैलाई गई गौकशी की अफवाह, पुलिस की तत्परता से टला उपद्रव

बौधिया कलां में बीमारी से मृत गाय को लेकर फैलाई गई गौकशी की अफवाह, पुलिस की तत्परता से टला उपद्रव

Share:

आशुतोष कुमार तिवारी 

लखीमपुर खीरी। थाना मझगई क्षेत्र के ग्राम बौधिया कलां में बीमारी से मरी एक गाय को लेकर कुछ अराजक तत्वों द्वारा गौकशी की फर्जी अफवाह फैलाए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस की सक्रियता और सूझबूझ से गांव में संभावित बड़ा उपद्रव टल गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम निवासी किसान दूंदी यादव की गाय बीमारी के कारण मर गई थी। मृत पशु को दूंदी यादव ने ग्रामीणों की मदद से नहर किनारे डाल दिया था। रात में जंगली जानवरों द्वारा शव को नोचने से वह क्षत-विक्षत हो गया, जिसे आधार बनाकर कुछ लोगों ने गौकशी की झूठी अफवाह फैलानी शुरू कर दी।

आरोप है कि गांव के ही कुछ अराजक तत्वों ने आपसी सौहार्द बिगाड़ने के उद्देश्य से व्हाट्सएप, वीडियो और भड़काऊ साम्प्रदायिक संदेशों के माध्यम से गलत सूचना प्रसारित की। इसके चलते कुछ लोगों ने स्थानीय पुलिस के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए नारेबाजी की, जिससे गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया।

मझगई पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू की और किसान दूंदी यादव के घर पहुंचकर तथ्य जुटाए। ग्रामीणों और परिजनों से पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ कि गाय की मृत्यु बीमारी से हुई थी। ग्रामीणों ने गौकशी की अफवाह को निराधार बताया और इसके साक्ष्य भी प्रस्तुत किए।

पुलिस ने बताया कि फर्जी और भ्रामक संदेश फैलाने वाले अराजक तत्वों को चिन्हित कर लिया गया है और उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शीघ्र गिरफ्तारी की कार्रवाई की बात कही गई है।

ग्रामवासियों ने समय पर हस्तक्षेप कर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।

Leave a Comment