निघासन में दिल दहला देने वाली वारदात
राहुल कुमार
लखीमपुर खीरी जिले के निघासन थाना क्षेत्र के ग्राम पचपेड़ी में रविवार को एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बीते तीन दिनों से लापता मासूम बच्चा मुन्ना का अधखाया शव कब्रिस्तान के पास केले के खेत में मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। मासूम के शव की हालत इतनी भयावह थी कि मौके पर मौजूद लोगों की रूह कांप उठी। जैसे ही परिजनों को सूचना मिली, घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है, पूरा गांव गम और डर के साये में डूब गया। बताया जा रहा है कि मुन्ना तीन दिन पहले अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस द्वारा तलाश किए जाने के बावजूद बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल हर पहलू से जांच की जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि पुलिस समय रहते सख्ती से कार्रवाई करती तो शायद मासूम की जान बचाई जा सकती थी। ग्रामीणों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा और दहशत का माहौल है। हर कोई एक ही सवाल कर रहा है—
आखिर मासूम की मौत का जिम्मेदार कौन?







