Home » Uncategorized » मोहम्मदी सड़क हादसे के बाद पुलिस हुई सतर्क, ओवरहाइट व ओवरलोड गन्ना भरे ट्रकों पर कसी नकेल, 13 वाहनों का चालान

मोहम्मदी सड़क हादसे के बाद पुलिस हुई सतर्क, ओवरहाइट व ओवरलोड गन्ना भरे ट्रकों पर कसी नकेल, 13 वाहनों का चालान

Share:

अमित शाह 

लखीमपुर खीरी जिले के मोहम्मदी क्षेत्र में हाल ही में हुए सड़क हादसे के बाद पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। ओवरलोड और ओवरहाइट गन्ना भरे ट्रकों से होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से शुक्रवार की शाम उचौलिया थाना क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान क्षेत्राधिकारी मोहम्मदी अरुण कुमार सिंह एवं उचौलिया इंस्पेक्टर गोपाल नारायण सिंह के नेतृत्व में उचौलिया थाने के सामने चलाया गया, जिसमें गन्ने से लदे ट्रकों सहित अन्य बड़े वाहनों की सघन जांच की गई। चेकिंग के दौरान शासन के निर्धारित मानकों का उल्लंघन करते हुए ओवरहाइट और ओवरलोड गन्ना लेकर चल रहे 13 वाहनों का चालान किया गया। इनमें अधिकांश ट्रक शामिल थे।

इस कार्रवाई से गन्ना क्रय केंद्रों से मिलों तक गन्ना ले जाने वाले वाहन चालकों एवं ठेकेदारों में हड़कंप मच गया। चेकिंग के दौरान ओवरहाइट वाहनों के चालकों को शासन के निर्देशों के अनुरूप ही वाहन संचालन करने की सख्त हिदायत दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अभियान आगे भी रहेगा जारी

क्षेत्राधिकारी मोहम्मदी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद गन्ना ढोने वाले वाहनों द्वारा नियमों की अनदेखी की जा रही है। इसी कारण यह अभियान चलाया गया, जिसमें 13 वाहनों का चालान किया गया है।

उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए अब पूरे तहसील क्षेत्र में लगातार ओवरलोड और ओवरहाइट वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही लापरवाही से वाहन चलाने और शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई करते हुए चालान व वाहन सीज की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment