Home » Uncategorized » लखीमपुर खीरी में ‘ऑपरेशन रक्षा’ की सख़्त दस्तक

लखीमपुर खीरी में ‘ऑपरेशन रक्षा’ की सख़्त दस्तक

Share:

 

स्पा सेंटरों–होटलों पर पुलिस का छापा, मानव तस्करी के खिलाफ 15 दिन का ­अलर्ट मोड

 

जुनैद खान 

 

लखीमपुर खीरी, में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सरकार के दावों को ज़मीन पर उतारने के लिए लखीमपुर खीरी पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। मुख्यालय महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, लखनऊ के निर्देश पर जनपद में “ऑपरेशन रक्षा” के तहत सघन छापेमारी और जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान मानव तस्करी, देह व्यापार, बाल शोषण और अवैध गतिविधियों की कमर तोड़ने के उद्देश्य से 15 दिनों तक लगातार चलेगा। कोतवाली सदर क्षेत्र में स्थित स्पा सेंटरों, मसाज पार्लरों, होटलों, ढाबों और रेलवे स्टेशन पर पुलिस टीम ने अचानक दबिश दी। चेकिंग के दौरान कर्मचारियों का सत्यापन, रजिस्टरों की जांच और गतिविधियों पर बारीकी से नजर रखी गई। पुलिस ने साफ कर दिया है कि कानून की आड़ में चल रहे किसी भी अवैध धंधे को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अधीक्षक खीरी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के संरक्षण में गठित संयुक्त टीम ने अभियान को अंजाम दिया। अभियान का नेतृत्व उपनिरीक्षक राम अवतार (प्रभारी HT/SJPU) ने किया। टीम में महिला उपनिरीक्षक सवेश मौर्य, हेड कांस्टेबल राजेश यादव और महिला कांस्टेबल संध्या श्रीवास्तव शामिल रहीं। कार्रवाई में बाल कल्याण समिति (CWC) के सदस्य रामशरण और चाइल्ड लाइन प्रभारी अंजुम परवीन की मौजूदगी ने अभियान को और मजबूती दी। टीम ने महिलाओं व बच्चों को उनके अधिकारों की जानकारी दी और साफ संदेश दिया कि शोषण पर चुप्पी अब अपराध मानी जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने दो टूक में कहा कि ऑपरेशन रक्षा केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि अपराधियों पर नकेल कसने की शुरुआत है। आने वाले दिनों में जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी औचक छापेमारी और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए लखीमपुर खीरी अब सुरक्षित नहीं रहा।

Leave a Comment